मैपिंग का कार्य गंभीरता से करने का निर्देश, काम में लापरवाही बरतनेवाले BLO पर होगी कानूनी कार्रवाई

रांची। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अंतर्गत अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची जिला के सभी मतदान केन्द्रों पर 06 जून 2026 (शनिवार) एवं 07 जून 2026 (रविवार) को विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा।इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित कमरा संख्या-505 में बीएलओ सुपरवाइजर्स के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी, रांची बिवेक कुमार सुमन, अनुमंडल पदाधिकारी बुण्डू सहित बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा विशेष कैंप को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है और इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का सही एवं अद्यतन विवरण निर्वाचन नामावली में सुनिश्चित करना है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर 06 जून 2026 (शनिवार) एवं 07 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 08ः00 बजे से संध्या 04ः00 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहेंगे। जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त बीएलओ सुबह 08ः00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध रहकर मतदाताओं की मैपिंग कार्य संपादित करेंगे।बैठक में सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया गया कि वे अपने अधीनस्थ बीएलओ की नियमित निगरानी करें तथा सुनिश्चित करें कि विशेष कैंप के दौरान अधिक से अधिक अनमैप्ड मतदाता मैपिंग के लिए बूथों तक पहुंचें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीएलओ के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त प्रगति की समीक्षा भी की गई तथा शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बीएलओ सुपरवाइजरों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों का सत्यापन करें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

जिला प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन, रांची ने जिले के सभी अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण को गंभीरता से लें तथा 06 एवं 07 जून 2026 को अपने संबंधित मतदान केन्द्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करें और मैपिंग अवश्य कराएं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे निर्धारित तिथि को अपने बूथ पर पहुंचकर निर्वाचन प्रक्रिया को सशक्त बनाने में सक्रिय योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *