बोकारो। जिले के राधानगर पंचायत अंतर्गत लावाटांड़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास तीन युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर जीआरपी बोकारो की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार यह घटना बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब नौ किलोमीटर दूर स्थित रेलवे ट्रैक की है। सुबह स्थानीय लोगों ने ट्रैक के किनारे तीन युवकों के शव पड़े देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को घटनास्थल से एक आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर मृतकों में से एक की पहचान बबलू सोरेन के रूप में की गई है। वह गोमिया प्रखंड के मड़वाडीह, टीकाहारा, बरकी पुनु गांव निवासी सूरजलाल सोरेन का पुत्र बताया गया है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान दीपक सोरेन के रूप में हुई है। तीसरे युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी पहचान के लिए प्रयास कर रही है और आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना दी गई है। जांच के दौरान पुलिस को रेलवे ट्रैक के समीप एक मोटरसाइकिल भी मिली है। वाहन किसका है और उसका मृतकों से क्या संबंध है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर भी जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे। हालांकि यह हादसा कैसे हुआ, तीनों युवक ट्रैक पर कैसे पहुंचे और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *