
रांची । जेएससीए स्टेडियम स्थित ओवल ग्राउंड में झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग 2026 का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ उद्घाटन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सरायकेल के कलाकारों द्वारा शानदार छऊ नृत्य और अन्य कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी एवं संयुक्त सचिव शाहबाज़ नदीम ने संयुक्त रूप से चारों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का उदघाटन किया। सचिव सौरभ तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग करना हमारी प्राथमिकता थी जिसे हम आज पूरा कर रहे है भविष्य में इस टूर्नामेंट को और भी भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा सौरभ तिवारी ने घोषणा की टीम का ऑक्शन नहीं हुआ है पर सभी प्लेयर्स को एक सम्मान जनक राशि एसोसिएशन द्वारा दी जाएगी। अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव ने इस आयोजन के लिए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया तथा उन्होंने घोषणा की कि विजेता टीम को 3 लाख और उपविजेता को 2 लाख रुपए की नकद राशि दी जाएगी। इस टूर्नामेंट के प्रत्येक मैच में प्लेयर ऑफ दी मैच ,बेस्ट इकॉनमी बॉलर और सर्वाधिक छक्के मारने वाली खिलाड़ी को भी नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर जेएससीए के कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष संजय सहाय, पूर्व उपाध्यक्ष डॉ नरेंद्र सिन्हा, पूर्व संयुक्त सचिव पी एन सिंह, जेएससीए के कार्यकारणी सदस्य मिहिर प्रतिस टोपनो, संजय जैन, रमेश कुमार,धनबाद जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार, रांची जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव शैलेन्द्र कुमार, खूंटी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अवधेश कश्यप के साथ-साथ जेएससीए के कई आजीवन सदस्य भी उपस्थित थे।


हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

