
पलामूः गुरुवार को पलामू जिले के राजहरा रेलवे स्टेशन पर बड़ा रेल हादसा हुआ है। एक मालगाड़ी के 15 वैगन पटरी से उतर गए, जिससे अप लाइन पर परिचालन पूरी तरह प्रभावित हुआ और रेल परिचालन ठप हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे ने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया। वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे के हाजीपुर जोन को घटना की जानकारी दे दी गई है। टीआई अनिल कुमारी तिवारी और डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के प्रबंधक उमेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है।इस हादसे के बाद रांची से डाल्टनगंज होकर जाने वाली पांच ट्रेन प्रभावित हुई है, इसमें राजधानी ट्रेन का रूट डायवर्ट किया गया है।रेस्क्यू में 24 घंटे से ज्यादा का समय लग सकता है। धनबाद रेल मंडल अंतर्गत राजहरा रेलवे स्टेशन के समीप एक लंबी मालगाड़ी (लॉन्ग हॉल) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मालगाड़ी के 15 वैगन पटरी से उतर गए, जिससे रेलखंड पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया।दुर्घटना के कारण रेलवे ट्रैक, ओवरहेड विद्युत (ओएचई) तार तथा कई बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना के बाद संबंधित रेलखंड पर ट्रेन परिचालन प्रभावित हो गया है। रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बहाली कार्य में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, तीन इंजनों और 116 वैगनों से जुड़ी यह लॉन्ग हॉल मालगाड़ी एसएलसीएस साइडिंग से रवाना हुई थी। ट्रेन दोपहर 12:55 बजे केएफटी स्टेशन से गुजरी थी। इसके बाद करीब 1:15 बजे राजहरा स्टेशन के समीप अप लाइन (तीसरी लाइन) से रिवर्सिबल लाइन पर डायवर्ट किए जाने के दौरान हादसे का शिकार हो गई। रेलवे सूत्रों के अनुसार, इंजन संख्या 44438 से गिनती करने पर 18वें वैगन से शुरू होकर कुल 15 वैगन पटरी से उतर गए। दुर्घटना के दौरान किलोमीटर संख्या 302/23 पर स्थित ओएचई मास्ट क्षतिग्रस्त हो गया तथा विद्युत तार भी टूट गए। इससे संबंधित रेलखंड में बिजली आपूर्ति और ट्रेन संचालन बाधित हो गया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz



