रांची  झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो रही है। निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो जाएगी। चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में उम्मीदवारों के चयन पर मंथन तेज हो गया है। राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया 20 जून को पूरी हो जाएगी। राज्यसभा की ये दोनों सीटें झारखंड की राजनीति में काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। विधानसभा में वर्तमान संख्या बल के आधार पर महागठबंधन दोनों सीटें जीतने की स्थिति में नजर आ रहा है। पहली सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार के उतरने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि दूसरी सीट को लेकर अभी भी झामुमो और कांग्रेस के बीच बातचीत जारी है। कांग्रेस ने एक सीट पर अपनी दावेदारी मजबूत तरीके से रखी है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से चर्चा की है, लेकिन अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *