लखनऊ: समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया। वह महज 38 साल के थे। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। हालांकि अभी तक परिवार की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। देश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद प्रतीक ने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी थी। उनकी पत्नी अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय हैं और फिलहाल भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं। अपर्णा यादव अक्सर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहती हैं। प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने राजनीति में आने के बजाय बिजनेस और फिटनेस सेक्टर में अपना करियर बनाया। उन्हें फिटनेस और हेल्थ सेक्टर में खास रुचि थी। लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम चलाते थे, जो शहर के चर्चित फिटनेस सेंटरों में गिना जाता है। प्रतीक यादव का नाम राजनीति की बजाय बिजनेस और फिटनेस इंडस्ट्री में ज्यादा जाना जाता था। वह रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़े हुए थे। फिटनेस को लेकर उनकी गंभीरता और लाइफस्टाइल अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय रहती थी। राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद उन्होंने खुद को सार्वजनिक राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखा और बिजनेस पर ही फोकस बनाए रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *