रांची । झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता हुई 18 महीने की बच्ची अदिति पांडेय का शव का एक टुकड़ा नाले से बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि खेलगांव स्टेडियम के सामने स्थित गाड़ी गांव के नाले से बच्ची के शव का एक टुकड़ा मिला है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है. शव का टुकड़ा मिलने के बाद पुलिस के अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है. इसके साथ, बच्ची के पिता को भी मौके पर बुलाया गया है. वहीं, नाले से बच्ची के शव का टुकड़ा मिलने की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना ने राजधानी रांची में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के अनुसार, रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया के समीप खोरहा टोली निवासी अदिति पांडेय रविवार से लापता थी. बच्ची अचानक घर के पास से गायब हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की. लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिला. बाद में सदर थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने मामला दर्ज करते ही बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. स्थानीय लोग भी बच्ची की तलाश में जुट गए थे. सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्ची की तस्वीर और जानकारी तेजी से साझा की जा रही थी ताकि जल्द से जल्द उसका पता लगाया जा सके. मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पुलिस अधिकारियों को बच्ची को हर हाल में खोज निकालने का निर्देश दिया था. सरकार की ओर से बच्ची को खोजने या उसके बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को प्राथमिकता देते हुए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इलाके में लगातार छापेमारी और खोज अभियान चलाया जा रहा था।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *