
रांची । रांची के लापता 18 महीने की मासूम बच्ची का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस की ओर से इस मामले में लगातार छापेमारी की जा रही है। जबकि सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है। वहीं बच्ची के परिजनों की ओर से अपहरण की आशंका को लेकर सदर थाने प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दरअसल, सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित खोरहा टोली में रहने वाली 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडे शनिवार 9 मई की शाम से गायब है। वो शाम करीब 4.30 बचे से 5 बचे के बीच अपने घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वो अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची पुलिस को सख्त निर्देश दिया है। सीएम ने सोशल मीडिया एक्स पर झारखंड पुलिस को टैग करते हुए लिखा- अदिति बिटिया की खोज से जुड़े अभियान में कार्रवाई करते हुए शीघ्र सूचित करें। इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू बच्चे के परिजनों से मुलाकात की। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। इससे पहले भी रांची के धुर्वा क्षेत्र के अलावा रामगढ़ समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में बच्चों के अपहरण की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को 36 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि इस दौरान बच्ची की सकुशल बरामदगी नहीं होती है, तो भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने का काम करेगा।


