लातेहार: बरवाडीह प्रखंड के लेदगांई स्थित संत क्लारेट स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घर पहुंचाने जा रही एक सवारी गाड़ी सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा पैरा गांव के समीप उस समय हुआ जब वाहन चालक दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान संतुलन खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गया, जिससे उसमें सवार दर्जनों बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में तीन बच्चों का हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई है। कई अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार और एक्सरे सहित अन्य जांच के बाद गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए डालटनगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बरवाडीह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात की तथा विद्यालय प्रबंधन को भी फटकार लगाई। बताया जा रहा है कि विद्यालय द्वारा खुद का स्कूल वाहन नहीं चलाकर बाहरी सवारी वाहनों से बच्चों का आवागमन कराया जाता है, जबकि सरकार द्वारा स्कूलों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्वयं का वाहन रखने का निर्देश दिया गया है। इस हादसे के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि निजी विद्यालय फीस, ड्रेस, किताब और अन्य शुल्क के नाम पर अभिभावकों से मोटी रकम वसूलते हैं, लेकिन बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं हैं। हादसे ने एक बार फिर निजी विद्यालयों की परिवहन व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। उधर घटना के दौरान और अस्पताल में इलाज के समय भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि दीपक राज, हेमंत कश्यप सहित कई लोग मौजूद रहे और बच्चों के इलाज में सहयोग करते दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *