राची । झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. रांची-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर जुमारपुल से आगे गेतलातु इलाके में एक बेकाबू बस ने दो लोगों को कुचल दिया. हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. सड़क पर शव पड़े रहने से माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया. गुस्साए लोगों ने रांची-हजारीबाग मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. लोगों का आरोप था कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की, ताकि सड़क जाम हटाया जा सके और यातायात सामान्य हो सके. फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *