
पलामू । जिला में पूर्व माओवादी कमांडर जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव की हत्या कर दी गई है. पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है. दरअसल, शनिवार को पलामू के पांडू थाना क्षेत्र के बेलहारा के इलाके में एक शव बरामद हुआ था. उस दिन शव की पहचान नहीं हो पाई. शव की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद शव की पहचान पूर्व नक्सली जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव के रूप में हुई. जगनारायण यादव पलामू के छतरपुर के गुरदी के इलाके का रहने वाला है. वह अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में भाग लेने के लिए पांडु के इलाके में गया था. विशाल यादव के चेहरे पर चोट के निशान हैं पुलिस को आशंका है कि पत्थर से कूचकर हत्या की गई है. इसको लेकर पांडु थाना प्रभारी बिगेश कुमार राय ने बताया कि शव की पहचान जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव के रूप में हुई है. विशाल यादव का नक्सल इतिहास रहा है. शव की पहचान होने के बाद परिजन भी थाना पहुंच रहे है. परिजनों के द्वारा पुलिस को बयान एवं आवेदन भी दिया जाएगा. बता दें कि विशाल यादव एक समय माओवादियों का कमांडर था. झारखंड सरकार ने जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव पर पांच लाख रुपए का इनाम भी रखा हुआ था. जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव 2015-16 में गिरफ्तार हुआ।


