चतरा : टंडवा ब्लॉक मोड़ के समीप नईपारम के पास बुधवार को सुबह लगभग 6 बजे तेज रफ्तार कोल हाईवा वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हजारीबाग के पदमा निवासी श्रीकांत मेहता और रामगढ़ के कुजू निवासी सौरभ मेहता, दोनों का उम्र लगभग 28 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में ममेरे-फुफेरे भाई थे।  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा रविंद्र ट्रांसपोर्टिंग के हाईवा से हुआ। यह हाईवा पकरी-बारवाडीह से कोयला लेकर हजारीबाग के रास्ते -सिमरिया-टंडवा मार्ग से गुजरते हुए कोल ढूलाई कार्य में लगा  था। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन चालक नाबालिग था और हाईवा काफी तेज रफ्तार में था। स्कूटी सवार युवक कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हाईवा ने उन्हें अपने चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।   परिजनों ने बताया कि श्रीकांत के पिता ट्रक चालक हैं। उनकी गाड़ी खराब होने के कारण श्रीकांत हजारीबाग से बैटरी लेकर आ रहा था। श्रीकांत अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने टंडवा-पिपरवार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है । लोग मृतकों के आश्रितों के लिए उचित आर्थिक मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं। घंटों से सड़क पर धरना जारी है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों का कहना है कि टंडवा की सड़कें अब ‘खूनी सड़क’ बन चुकी हैं। कोल वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग से हर दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने एनटीपीसी, सीसीएल और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही कोल वाहनों के लिए अलग ट्रांस्पोर्टिंग सड़क बनाने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच कोई वार्ता शुरू नहीं हो पाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *