लातेहार । जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मनिका थाना क्षेत्र के कुरुमखेता जंगल में चलाए गए विशेष ऑपरेशन के दौरान प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के जोबला गांव निवासी मनोज लोहरा और लातेहार जिले के सिमरियाटांड निवासी महादेव सिंह के रूप में हुई है। दोनों के पास से आधुनिक हथियार, भारी मात्रा में गोली और संचार उपकरण बरामद किए गए हैं। हालांकि संगठन का सक्रिय उग्रवादी शंकर राम अपने अन्य साथियों के साथ जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला लातेहार एसपी कुमार गौरव ने मीडिया को बताया कि उन्हें बीते चार मई को सूचना मिली थी कि जेजेएमपी उग्रवादी शंकर राम अपने दस्ते के साथ कुरुमखेता जंगल क्षेत्र में मौजूद है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर  ऑपरेशन में मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, छिपादोहर थाना प्रभारी याकिन अंसारी, सैट टीम और जिला बल के जवानों को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया। पुलिस के जंगल पहुंचते ही वहां पहले से मौजूद उग्रवादी भागने लगे। जवानों ने पीछा करते हुए दो उग्रवादियों को हथियारों के साथ पकड़ लिया। एसपी के अनुसार, दोनों सक्रिय रूप से जेजेएमपी संगठन के लिए काम कर रहे थे। गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से दो एसएलआर रायफल, मैगजीन, जिंदा गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने जंगल में आगे तलाशी अभियान चलाया, जहां झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक AK-47 रायफल, पांच मैगजीन, गोली, वॉकीटॉकी और अन्य सामान बरामद हुआ। उग्रवादी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल तीन हथियार बरामद किए हैं। इनमें दो एसएलआर और एक AK-47 रायफल शामिल है। इसके अलावा 9 मैगजीन और कुल 318 जिंदा गोलियां बरामद हुई हैं। सुरक्षा बलों ने दो वॉकीटॉकी, दो वाई-फाई राउटर, पांच मोबाइल फोन, छह सीम कार्ड और अन्य सामान भी जब्त किया है। बरामद मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है ताकि संगठन के नेटवर्क और गतिविधियों की जानकारी मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *