रांची। झारखंड के रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर मंदिर में गुरुवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मंदिर में तैनात गार्ड की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी. मृतक की पहचान बिरसा मुंडा के रूप में हुई है, जो मंदिर में सुरक्षा गार्ड के रूप में लंबे समय से कार्यरत था. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने मंदिर पहुंचे, तब उन्होंने परिसर में गार्ड का शव पड़ा देखा. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुट गई है. प्राथमिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि किसी पुराने आपसी विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास जारी है. मौके पर डॉग स्क्वॉड और FSL की टीम भी पहुंची है. मामले के जल्द खुलासे का दावा किया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं में भी भय व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *