
पिता ने डीसी को आवेदन सौंपकर कारवाई की मांग की
लातेहार:सदर अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर आरोप सामने आया है। नगर पंचायत के वार्ड संख्या-12 के अम्बाटीकर निवासी मो़ रिजवान ने डीसी को आवेदन सौंपकर अपनी नौ माह की पुत्री मन्नत की मौत के लिए सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रवीण महाजन को जिम्मेदार ठहराया है। आवेदन में बताया गया है कि 14 अप्रैल 2026 को बच्ची को सीने में संक्रमण (चेस्ट इंफेक्शन) की शिकायत के बाद सदर अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था। आरोप है कि जांच के दौरान कराए गए एक्स-रे में संक्रमण के स्पष्ट संकेत होने के बावजूद संबंधित चिकित्सक ने इसे सामान्य बताते हुए विटामिन और कैल्शियम की दवाएं देकर घर भेज दिया। परिजनों के अनुसार, अगले तीन दिनों में बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती गई। 17 अप्रैल को उसे पुनः इलाज के लिए ले जाया गया, जहां हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजीत कुमार ने एक्स-रे रिपोर्ट देखकर गंभीर चेस्ट इंफेक्शन की पुष्टि की और स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताया।हालांकि इलाज शुरू होते ही बच्ची की मौत हो गई। मो़ रिजवान का आरोप है कि यदि प्रारंभिक जांच के आधार पर सही उपचार और परामर्श दिया जाता, तो उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती थी।उन्होंने इस घटना को गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही करार देते हुए संबंधित चिकित्सक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पिता ने डीसी से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि दोषी चिकित्सक के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो और अन्य मरीजों की जान जोखिम में न पड़े।

क्या कहते हैं सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ अमूल्य गुलाब लकड़ा
लातेहार अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अमूल्य गुलाब लकड़ा ने कहा कि मामले की जानकारी मिली हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामला सत्य पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।

