रांची। झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एमडीएस (मास्टर इन डेंटल सर्जरी) की तैयारी कर रही एक महिला डेंटिस्ट के साथ कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला पिज्जा खिलाकर दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान दानिश के रूप में हुई है। पीड़ित डेंटिस्ट मूल रूप से जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में रहकर एमडीएस (MDS) की तैयारी कर रही है। घटना 9 अप्रैल की है, जब उसकी एक महिला दोस्त ने उसे अपने जन्मदिन की पार्टी में लालपुर स्थित अपने घर पर बुलाया था। डेंटिस्ट शाम करीब 5 बजे अपनी सहेली के घर पहुंची। बताया जा रहा है कि उस पार्टी में कुल पांच लोग शामिल थे, जिनमें तीन लड़के और दो लड़कियां थीं। पीड़िता के पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, रात लगभग 8 बजे केक काटा गया। इसके बाद जब छात्रा को भूख लगी, तो पार्टी में मौजूद दानिश नामक युवक ने उसे पिज्जा लाकर दिया। पीड़िता का आरोप है कि पिज्जा खाने के कुछ ही देर बाद उसे चक्कर आने लगे और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। खुद को असहज महसूस करते हुए वह आराम करने के लिए पास के एक कमरे में चली गई। आरोप है कि इसी दौरान दानिश कमरे में दाखिल हुआ और बेसुध हालत का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह जब पीड़िता को होश आया, तो उसने अपनी सहेली को आपबीती सुनाई। सहेली ने उसे हॉस्टल छोड़ दिया, लेकिन पीड़िता की मानसिक और शारीरिक स्थिति लगातार बिगड़ती गई। 11 अप्रैल को उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसके एक अन्य दोस्त शिवम ने उसे रांची के आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। लालपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया। आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस द्वारा तकनीकी सेल की मदद से आरोपी दानिश की लोकेशन ट्रैक की गई, जो वारदात के बाद बंगाल भाग गया था। पुलिस की एक टीम ने उसे वहां से धर दबोचा। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या पार्टी में मौजूद अन्य लोगों को इस साजिश की जानकारी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *