
गुमला । जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरहु पतरा में जंगली हाथी ने एक 28 वर्षीय युवक को कुचलकर मौत से घाट उतार दिया. घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर वन क्षेत्र के फॉरेस्टर बिरसा लोहरा, शमी आफताब, सुनील राम पीटर आदि पहुंचे और मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार का नगद मुआवजा सौंपा है और बाकी की मुआवजा राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन दिया है. मृतक के परिजन निक्की ने बताया कि अनूप कुमार पांडे बुरहु निवासी बाइक से सांवरिया बिजली का कुछ काम करने के लिए जा रहा था. वह बुरहु पावर ग्रिड में टेक्नीशियन का काम करता था. तभी पतरा के समीप कुछ लोगों की भीड़ देखकर वह बाइक रोककर देखने लगा. तभी अचानक एक जंगली हाथी ने झाड़ी से निकलकर युवक पर हमला कर दिया, जिसे देखकर अफरा तफरी मच गई और ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे. इसके बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मामले की सूचना वन विभाग को दी गई. पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है और मामले की छानबीन की जा रही है. क्षेत्र में अभी जंगली हाथी के रहने की वजह से लोगों में भय का माहौल है।


