
पलामू । जिले में अपहरण की बड़ी साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। भट्टी मोहल्ला के पास हुई घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया गया है। 30 मार्च को सद्दाम कुरैशी और उसके साथियों ने आनंद कुमार रवि के अपहरण की कोशिश की थी। जब पीड़ित ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसके साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में शहर थाना में कांड संख्या 116/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो से जिले से भागने की तैयारी में हैं। इसके बाद बिस्फोटा चौक रेलवे अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। 31 मार्च की रात करीब 10:45 बजे पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और उसमें सवार सभी 8 अपराधियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी 9mm पिस्टल, एक देशी कट्टा, कई जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और काले रंग की स्कॉर्पियो (JH01 GJ 3950) बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ हत्या, रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में पहले से केस दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत एक और केस (कांड संख्या 117/26) दर्ज किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के साथ कई पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह अभियान जारी रहेगा।



