
चतरा । झारखंड के चतरा जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित शिला पिकेट में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक जवान की पहचान प्रह्लाद सिंह (35) के रूप में की गई है, जो देवघर जिले के निवासी थे और 35वीं बटालियन में तैनात थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान ने ड्यूटी के दौरान ही यह खौफनाक कदम उठाया। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य जवानों ने उन्हें गंभीर हालत में पाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है। साथ ही, मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। हालांकि, जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और SSB के अधिकारी मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। शुरुआती स्तर पर व्यक्तिगत या मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस घटना ने सुरक्षा बलों के भीतर जवानों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और अधिकारी हर पहलू को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रहे हैं।


