पटना । बिहार की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रखने वाले मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने साफ कहा है कि अब वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और मौजूदा कार्यकाल ही उनका अंतिम कार्यकाल होगा। अनंत सिंह के इस बयान को राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल, राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को बिहार विधानसभा में मतदान हो रहा है। मतदान करने के बाद अनंत सिंह से जब पत्रकारों ने बातचीत की तो उन्होंने खुलकर कहा कि अब वह सक्रिय चुनावी राजनीति से दूरी बना लेंगे। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे तो फिर विधायक बने रहने का क्या मतलब है। आपको बता दें बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। अनंत सिंह ने कहा कि अब जब यह साफ हो गया है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं और आगे विधानसभा की राजनीति में नहीं रहेंगे, तो उन्होंने भी फैसला कर लिया है कि वह आगे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा, “मैं पहले ही कह चुका था कि अगर नीतीश जी नहीं रहेंगे तो हम भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस बार मैं विधायक बन गया हूं, लेकिन यह मेरा आखिरी चुनाव था। मोकामा विधायक ने साफ कहा कि अब वह अगली बार चुनाव मैदान में नहीं उतरेंगे और राजनीति की जिम्मेदारी अपने परिवार को सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि अगला विधानसभा चुनाव उनका बेटा लड़ेगा। अनंत सिंह ने कहा, “यह मेरा आखिरी शपथ ग्रहण था। अब मेरे बाल-बच्चे चुनाव लड़ेंगे और जनता की सेवा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *