
रांची। राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुट्टू गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब अपराधियों ने एक घर में घुसकर फायरिंग कर दी। घटना में घर के मालिक शिव महतो बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक जिंदा गोली बरामद की है। बताया जा रहा है कि सुकुरहुट्टू गांव निवासी शिव महतो अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान दो अपराधी अचानक उनके घर में घुस आए और उन पर फायरिंग कर दी। हालांकि किस्मत अच्छी रही कि गोली शिव महतो को नहीं लगी और वे किसी तरह बाल-बाल बच गए। फायरिंग के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। घटना के बाद पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह घर में घुसकर फायरिंग की घटना से लोग सहम गए हैं। लोगों ने बताया कि फायरिंग की आवाज सुनकर पहले तो किसी को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ है, लेकिन जब जानकारी मिली तो पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई।


