अनगड़ा । डोल मेला के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार वेगनार कार की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों एवं मृतक परिजनों ने राँची-पुरुलिया पथ पर शव रखकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया, जिससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया । मिली जानकारी के अनुसार घायलों में आयुष कुमार (5 वर्ष) का पैर फ्रैक्चर, अंशिका कुमारी (7 वर्ष) घायल, तारा देवी (38 वर्ष) के कमर में गंभीर चोट, लखन मंडल (45 वर्ष) — पेशा खिलौना विक्रेता, निवासी राजमहल (साहेबगंज) — के पैर में गंभीर चोट तथा पप्पू साहू (32 वर्ष), निवासी बोकारो स्टील सिटी थाना जरिडीह ग्राम-पोस्ट आराजू का पैर फ्रैक्चर हो गया है।
वहीं इस हादसे में रीमा कुमारी (लगभग 26–28 वर्ष), पिता प्रमोद राम तथा भोला शर्मा (50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मृतक परिजनों को उचित मुआवजा एवं दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ सड़क जाम हटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सड़क जाम हटा दिया गया है। दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है तथा प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *