
रांची। झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 15 से 18 मार्च तक राज्य के कई जिलों में आंधी, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जतायी है. विभाग के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इस दौरान कई स्थानों पर गर्जन और बिजली गिरने की भी आशंका है. मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को राज्य के उत्तरी मध्य, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं गरज के साथ आंधी और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. वहीं, उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ जिलों में भी मौसम का असर देखा जा सकता है. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गर्जन के साथ बारिश की संभावना जतायी गयी है.16 मार्च को राज्य के पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है. कई स्थानों पर हवा की गति झोंकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और वज्रपात की संभावना जतायी है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 मार्च को झारखंड के लगभग सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आंधी और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान अचानक मौसम बदल सकता है. दोपहर या शाम के समय तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. 18 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में मौसम का असर बना रह सकता है. शेष क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आंधी और वज्रपात की संभावना जतायी गयी है. इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।


