पटना बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए हुए चुनाव में एनडीए ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सभी सीटों पर कब्जा जमा लिया. इस चुनाव में एनडीए के सभी उम्मीदवार विजयी घोषित किए गए, जबकि महागठबंधन को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. मतदान के दौरान महागठबंधन के चार विधायक विधानसभा नहीं पहुंचे, जिसके कारण विपक्ष की रणनीति कमजोर पड़ गई और एनडीए को पूरी तरह से फायदा मिला. इसी के साथ एनडीए के चारों उम्मीदवार नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश राम ने जीत हासिल कर ली है. वहीं महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेन्द्र सिंह धारी राज्यसभा चुनाव हार गए हैं. बिहार विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू हुई. विधानसभा के कुल 243 विधायकों को शाम 4 बजे तक मतदान करना था. इस दौरान एनडीए के सभी 202 विधायकों ने अपने वोट डाले, जबकि महागठबंधन के विधायकों की संख्या 37 पर ही रुक गई. विपक्ष के चार विधायक मतदान के लिए विधानसभा नहीं पहुंचे, जिससे राजनीतिक हलकों में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा. दरअसल बिहार की पांच में से 4 सीटों पर एनडीए के पास पहले से ही विधायकों की संख्या बल मौजूद थी. लेकिन, पांचवी यानि शिवेश राम की सीट पर पेंच फंसता दिख रहा था, जहां उनके सामने महागठबंधन उम्मीदवार अमरेन्द्र सिंह धारी मैदान में थे. राज्यसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद एनडीए के सभी उम्मीदवार विजयी घोषित किए गए. एनडीए की ओर से जेडीयू के नेता नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर ने जीत हासिल की. वहीं भाजपा की ओर से नितिन नवीन और शिवेश राम राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए. इसके अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा भी राज्यसभा सांसद चुने गए. इस तरह बिहार की पांचों सीटों पर एनडीए का कब्जा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *