
धनबाद । धनबाद के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खरिकाबाद में कोयला ट्रांसपोर्टिंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि रात में पत्थरबाजी और हवाई फायरिंग तक की नौबत आ गई। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की शुरुआत सड़क हादसे से हुई। गोंदूडीह कोलियरी से कोयला लेकर जा रहे एक हाइवा की टक्कर खरिकाबाद में एक साइकिल सवार से हो गई। हादसे में भूली ओपी क्षेत्र निवासी 58 वर्षीय विजय वर्णवाल घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से गोंदूडीह ओपी पुलिस ने उन्हें धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। विजय वर्णवाल पेशे से सब्जी विक्रेता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नीमधौड़ा के पास कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगी भारी गाड़ियों का आवागमन रोक दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस रास्ते से लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने मांग की कि इस रास्ते से कोयला ढोने वाले बड़े वाहनों का आवागमन बंद किया जाए। इसके चलते देर शाम तक इलाके में ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह ठप रही। माहौल तनावपूर्ण बना रहा। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दो स्कॉर्पियो से कुछ लोग मौके पर पहुंचे और कोयला ट्रांसपोर्टिंग दोबारा शुरू कराने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों और बाहर से आए लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। स्थिति को और तनावपूर्ण बनाने के लिए कुछ लोगों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी कर दी। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही गोंदूडीह ओपी प्रभारी लव कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थाना क्षेत्रों की पुलिस भी बुला ली गई। पुलिस ने मौके से दो खोखा और एक जिंदा गोली बरामद की है। ओपी प्रभारी लव कुमार चौधरी ने बताया कि एमपीएल की ट्रांसपोर्टिंग को स्थानीय लोगों ने रोका था। इसे जबरन शुरू कराने के प्रयास के दौरान कुछ अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। पुलिस मामले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


