रामगढ़ । झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद को एस्कॉर्ट कर रही पुलिस की गाड़ी को रविवार को छत्तरमांडू इलाके में एक बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और जवान सुरक्षित रहे। जानकारी के मुताबिक, मंत्री योगेंद्र प्रसाद रांची से अपने घर लौट रहे थे। रामगढ़ पुलिस उनकी सुरक्षा में लगी हुई थी और उन्हें स्कॉर्ट कर रही थी। सब इंस्पेक्टर विकास कुमार के साथ गाड़ी में चार जवान भी मौजूद थे। छत्तरमांडू के पास विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो गाड़ी सीधे एस्कॉर्ट गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में गाड़ी पर सवार सभी पुलिसकर्मी और जवानों को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों का प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद को दूसरी गाड़ी से सुरक्षित रजरप्पा क्षेत्र तक पहुंचाया गया। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने पुष्टि की कि सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं और हादसे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *