नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. पार्टी ने बिहार, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से कुल 9 प्रत्याशियों के नाम तय किए हैं. बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं को तरजीह दी है. बता दें कि देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है. इसकी अधिसूचना जारी हो गई है. नामांकन की आखिरी तारीख 5 मार्च है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार बनाए गए हैं. नितिन नवीन पटना के बांकीपुर से पांच बार विधायक रह चुके हैं और बिहार की राजनीति में उनकी मजबूत पहचान है. पश्चिम बंगाल से बीजेपी ने राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जो राज्य में पार्टी के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं. युवा नेता शिवेश कुमार को भी बीजेपी ने बिहार से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है. बिहार में 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं. असम से पार्टी ने तेराश गोवाला और जोगेन मोहन को मैदान में उतारा है. दोनों नेता राज्य की राजनीति में अहम भूमिका निभा चुके हैं. असम में तीन राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं. ओडिशा से मनमोहन समल और सुजीत कुमार को बीजेपी ने टिकट दिया है. राज्य में बीजेपी की सरकार होने से पार्टी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है. छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार घोषित किया है. वह भाजपा महिला मोर्चा में सक्रिय रही हैं और सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती हैं. छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं. वहीं हरियाणा से संजय भाटिया को टिकट मिला है, जो प्रशासनिक पृष्ठभूमि से आते हैं और पार्टी संगठन में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. हरियाणा में भी दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *