गिरिडीह । नगर निकाय चुनाव की शाम मतदान खत्म होते ही जो गोलीकांड हुआ था, उस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व वार्ड पार्षद शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को इसकी पुष्टि गिरिडीह के डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने की। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम के अलावा अमित विश्वकर्मा (बक्सीडीह रोड), आकाश हाड़ी (झिंझरी मोहल्ला), मंजीत पासवान (भंडारीडीह, पचम्बा थाना क्षेत्र) और किशोर पासवान (आजाद नगर, पचम्बा थाना क्षेत्र) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 एमएम का देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि शिवम श्रीवास्तव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं—नगर थाना में 10 और मुफ्फसिल थाना में तीन केस। डीसी और एसपी ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 18/3, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर में बैलेट बॉक्स जमा करने के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन और पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया। इसी दौरान भीड़ में शामिल किसी व्यक्ति ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी, जिसमें दो लोग घायल हो गए। भीड़ में मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि शिवम आजाद और उनके सहयोगियों ने गोली चलाई। इस मामले में जोनल पेट्रोलिंग सह कलेक्टिंग पदाधिकारी सेक्टर-9 के आवेदन पर पचम्बा थाना में शिवम और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं घायल मो. शमीम और शेरु के मामले में रबिना खातून के आवेदन पर अलग से केस दर्ज हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी दल में कई डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी और तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी और यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *