
पाकुड़ । पाकुड़ में मंगलवार रात करीब 8 बजे नगरनबी रेलवे क्रॉसिंग के पास वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से पति, पत्नी और उनकी तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से यह हादसा हुआ. घटना नगरनबी पोल संख्या 47/40 और 47/38 के बीच की बतायी जा रही है. बताया यह भी जा रहा है कि परिवार अपने बहन के घर से पैदल वापस आ रहे थे. इसी दौरान यह दुर्घटना घट गई. मिली जानकारी के अनुसार, पाकुड़ के काली तल्ला निवासी चंदन सरदार अपनी पत्नी रिंपा सरदार और तीन वर्षीय बेटी अर्पिता सरदार के साथ विक्रमपुर स्थित अपनी बहन के घर से पैदल लौट रहे थे. इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वे तीनों ट्रेन की चपेट में आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे उन तीनों को संभलने का मौका नहीं मिल सका. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त ट्रेन संख्या 22302 न्यू जलपाईगुड़ी से हावड़ा की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस थी. ट्रेन के गुजरते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. आरपीएफ के एसआई संतोष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक बच्ची, एक महिला और एक पुरुष की मौत हुई है. शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मामले की जांच की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


