
मतपेटियों में कैद हुआ जनमत,27 फरवरी को होगा फैसला
लोहरदगा जिले में सोमवार को नगर निकाय चुनाव के तहत नगर पालिका क्षेत्र के सभी 23 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।युवा,बुजुर्ग और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया,जिससे पूरे शहर में लोकतांत्रिक उत्सव का माहौल नजर आया।शुरुआती घंटों में कुछ केंद्रों पर मतदान की रफ्तार धीमी रही,लेकिन दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में तेजी दर्ज की गई।पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह देखा गया,वहीं महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने चुनावी माहौल को और जीवंत बना दिया।नगर पालिका क्षेत्र के कुल 43,070 मतदाताओं में से बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।दोपहर 3:00 बजे तक कुल 52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।शुरुआती सुस्ती के बाद कई केंद्रों पर कतारें बढ़ती नजर आईं।अब सबकी नजरें शाम 5 बजे तक के अंतिम मतदान प्रतिशत पर टिकी थी।क्योंकि अंतिम दो घंटों में अक्सर मतदान में तेजी देखी जाती है।अंतिम आंकड़ों की आधिकारिक घोषणा निर्वाचन कार्यालय द्वारा शाम 5:00 बजे तक 68.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
।चुनाव को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी।संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा,जबकि दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी लगातार निगरानी में जुटे रहे।राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।प्रशासन का दावा है कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ है।मतदाताओं की पहचान के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र के अलावा 12 अन्य वैध फोटो पहचान पत्रों को भी मान्यता दी गई थी,ताकि किसी भी पात्र मतदाता को असुविधा न हो।अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संबंधित क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया था।इधर अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे 10 उम्मीदवारों की किस्मत अब मतपेटियों में बंद हो चुकी है।प्रमुख दलों के समर्थित प्रत्याशियों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी पूरी ताकत झोंकी थी।चुनाव प्रचार के दौरान विकास के मुद्दों के साथ सामाजिक समीकरण भी चर्चा में रहे।अब सभी प्रत्याशियों और समर्थकों की नजर 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी है। उसी दिन स्पष्ट होगा कि जनता ने नगर की बागडोर किसे सौंपी है।फिलहाल शहर में संभावित परिणामों को लेकर कयासों का दौर तेज हो गया है। मतपेटियों में कैद हुआ जनमत,27 फरवरी को होगा फैसला।


