
लोहरदगा । जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हेसल के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई,जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।मिली जानकारी के अनुसार कुजरा बरवाटोली निवासी मनीष भगत (20 वर्ष) और शिवनंदन भगत (18 वर्ष) एक ही मोटरसाइकिल (जेएच 08एफ 9648) पर अपने दो अन्य साथियों के साथ सवार होकर जा रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक तेज गति में थी और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक ट्रक (जेएच 05 एएच 5956) से बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से टकरा गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनीष और शिवनंदन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे में एक अन्य युवक घायल हो गया,जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।दुर्घटना में मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैइस हृदयविदारक हादसे के बाद कुजरा बरवाटोली गांव में मातम का माहौल है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


