
रांची । रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार थार वाहन ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज अस्पताल में जारी हैं. हादसे की खबर फैलते ही इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला. स्थानीय लोगों ने लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा. रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे के आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया हैं. गिरफ्तार चालक की पहचान अतुल के रूप में हुई हैं. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को भी जब्त कर लिया हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन तेज रफ्तार में और लापरवाही से चलाया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच जारी है और आज विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी. पुलिस का कहना है कि हादसे की सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


