
जमशेदपुर । जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के टाटा मुख्य मार्ग पर स्थित मुर्गाघुटू चौक (नरवा पहाड़) में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने रफ्तार पर से नियंत्रण खो दिया और सीधे एक होटल में जा घुसा। घटना बीती देर रात की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार कार संख्या जेएच 05 डीएम / 5145 तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक कार होटल का शटर तोड़ते हुए दीवार को भी ध्वस्त कर अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इलाके में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबराकर बाहर निकल आए। कार में कुल तीन लोग सवार थे। कार चालक की पहचान गोपाल बेसरा के रूप में हुई है। गनीमत रही कि कार का एयर बैग खुल गया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि कार में सवार दुर्गा चरण बेसरा समेत तीनों लोगों को हल्की चोटें आई हैं। घायलों में से एक को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। होटल मालिक सतीश दास ने बताया कि घटना में उनके होटल का शटर और दीवार पूरी तरह टूट गई है। इसके अलावा होटल में रखा डीप फ्रीज, अलमारी समेत अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। उनके मुताबिक इस हादसे में उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की मदद में जुट गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि चालक शराब के नशे में था।


