चतरा। सदर थाना क्षेत्र के धमनियां मोड़ पर तेज रफ्तार गैस से लदे ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान आरा गांव निवासी प्रह्लाद सिंह के रूप में हुई है। वे स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह के चचेरे भाई बताए जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही सांसद और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रह्लाद सिंह सड़क किनारे पैदल चल रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर सदर थाना ले जाकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता उनके घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने धमनियां मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *