प्रेमिका सुलोचना देवी 31 जनवरी को फोन कर बुलाया था मिलने

परिजनों ने 3 फरवरी को थाना में दर्ज कराया था मामला

सोनाहातू । थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव में प्रेम प्रसंग में एक युवक की चापड़ से काटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। डोमाडीह निवासी 25 वर्षीय हरिहर महतो का सिर कटा शव सोनाहातू पुलिस ने कांची नदी के किनारे से बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने हरिहर की प्रेमिका और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने बताया कि हरिहर महतो 31 जनवरी से लापता था। उसका एक महिला से दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका ने 31 जनवरी की शाम लगभग 6:30 बजे हरिहर को मिलने के लिए बुलाया था। हरिहर घर से निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, परंतु कोई सुराग नहीं मिलने पर तीन फरवरी को सोनाहातू थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। मोबाइल डिटेल्स से हुआ खुलासा पुलिस ने हरिहर महतो की प्रेमिका से कड़ाई से पूछताछ की और दोनों के मोबाइल डिटेल्स के आधार पर छानबीन शुरू की। पुलिस की पूछताछ में प्रेमिका और उसके पति ने धारदार चापड़ से युवक की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली और शव छिपानेवाली जगह की जानकारी दी। डीएसपी ओमप्रकाश और थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने पुलिस बल के साथ खोजबीन कर शव बरामद किया। दो साल पहले हरिहर की हुई थी शादी पेशे से मजदूर हरिहर महतो की शादी दो साल पहले विनीता देवी से हुई थी और उसका एक माह का बेटा भी है। वहीं आरोपी प्रेमिका दो बच्चों की मां है। थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप कुमार ने कहा कि आरोपियों के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या में और लोगों के शामिल होने की आशंका है। सोनाहातू पुलिस हत्या के सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *