धनबाद । राजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियारों से लैस चार अपराधियों को गिरफ्तार किया और एक बड़ी आपराधिक घटना को रोक दिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जिले के ग्रामीण SP कपिल चौधरी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद राजगंज और तेतुलमारी थाना की संयुक्त टीम ने सोनदाहा बस्ती के पास राजगंज-तेतुलमारी मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान देर रात लगभग 11:45 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक तेतुलमारी की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर सभी गिर पड़े और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए। तलाशी में आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम की पांच जिंदा गोलियां, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 10 जनवरी को तिलाटांड़ गांव के पास किराना दुकानदार अर्जुन महतो पर फायरिंग और लूटपाट का प्रयास किया था। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रिंकू मंडल (टुनटुन मंडल), रवि महतो (बिल्लू), समशुल अंसारी (चांद), और गौतम धीवर (बाबा) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *