
जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कायस्तपाड़ा चौक के समीप स्थित बालाजी ज्वेलर्स में बीते 24 दिसंबर 2025 की संध्या करीब 6 बजे हुई लूट एवं फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता के प्रयास से सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अपराधी अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों का संकलन और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस ने अजीत यादव, हसमत अंसारी, चंदन कुमार साव और मुकेश यादव को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 7.65 एमएम बोर का एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिलें, लूटे गए आभूषण और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस गिरोह का आपराधिक इतिहास देवघर जिले से जुड़ा हुआ है। एसपी ने बताया कि फरार दोनों अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।


