पलामू । जिला मुख्यालय मेदिनीनगर का सबसे व्यस्त छह मुहान चौक को स्मार्ट व ग्रीन जोन के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. रांची से आई टेक्निकल सेल की टीम ने शनिवार को छह मुहान चौक का स्थल निरीक्षण किया. टीम ने वहां की ट्रैफिक व्यवस्था, चौक की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध जगह व तकनीकी पहलुओं का गहन मुआयना किया. टेक्निकल सेल के अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि योजना को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा सके. छह मुहान चौक मेदिनीनगर का सबसे महत्वपूर्ण ट्रैफिक प्वाइंट है. यहां से शहर के लगभग सभी प्रमुख मार्ग जुड़े हुए हैं. यही कारण है कि यहां दिनभर भारी वाहनों व लोगों की आवाजाही बनी रहती है. लंबे समय से यहां जाम की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों व राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता था. नगर निगम ने इस समस्या के समाधान के लिए चौक के पुनर्विकास की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है, जिस पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *