हजारीबाग । पुलिस ने उरीमारी थाना क्षेत्र में 31 दिसंबर 2025 को हुई फायरिंग कांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। एसपी अंजनी अंजन ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर की अहले सुबह उरीमारी थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग की गई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। बाद में इस फायरिंग की जिम्मेदारी कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गिरोह द्वारा लिए जाने की बात सामने आई। घटना के बाद उरीमारी ओपी थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में 7 जनवरी 2026 की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत बघरैया फुटबॉल मैदान के पास एकत्र होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और मौके से सभी 10 अपराधियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 5 देसी पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस और 6 मोबाइल फोन बरामद किए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिव राजा उर्फ शिवा, प्रीत कुमार उर्फ पवन कुमार, पीयूष कुमार सिंह, प्रेम कुमार, बादल, विक्रम कुमार राम, मोहित सिंह, राजू कुमार, विशाल कुमार और मनोज कुमार के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है। ये झारखंड के विभिन्न जिलों में रंगदारी, फायरिंग और अन्य संगीन अपराधों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से जिले में संगठित अपराध पर बड़ा प्रहार हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *