
रांची । कोयल नदी पर बने रेलवे पुल के पिलर संख्या-5 में दरार आने के कारण लोहरदगा रेलवे स्टेशन को मार्च तक बंद कर दिया गया है। इसके चलते रांची-सासाराम और रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें अगले दो माह इस रूट से नहीं चलेंगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रांची-सासाराम एक्सप्रेस 8 जनवरी से परिवर्तित मार्ग से चलेगी। वहीं, रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस रांची-टाटीसिलवे-मेसरा-बरकाकाना मार्ग से परिचालित होगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्र ने निरीक्षण के दौरान कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य चरणबद्ध तरीके से होगा और सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही ट्रेनों को हरी झंडी दी जाएगी। सबसे पहले पिलर संख्या-5 की मरम्मत की जाएगी, इसके बाद पिलर संख्या-6 और 7 पर काम होगा। रांची-लोहरदगा और अन्य मेमू पैसेंजर ट्रेनें अब लोहरदगा स्टेशन के बजाय करीब 8 किलोमीटर दूर इरगांव हॉल्ट तक ही चलेंगी। लोहरदगा से इरगांव के बीच बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, लोहरदगा से टोरी के लिए कनेक्टिंग ट्रेन शुरू की जा रही है, ताकि यात्रियों को आगे की यात्रा में सुविधा मिल सके। क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत में 3 से 4 तकनीकी टीमें 24 घंटे काम करेंगी। 15 फरवरी तक सॉइल टेस्टिंग पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे का प्रयास है कि मार्च के अंतिम सप्ताह तक आंशिक रूप से ट्रेन परिचालन शुरू किया जाए। जबकि पुल से जुड़ा संपूर्ण मरम्मत कार्य मई 2026 तक पूरा किया जाएगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पिलर संख्या 4, 5, 6 और 7 पर जैकेटिंग और पाइलिंग की जाएगी। अस्थायी तौर पर स्टील गार्डर लगाने की योजना भी बनाई गई है, ताकि कुछ ट्रेनें सुरक्षित तरीके से परिचालित की जा सकें।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT


