
विजेता टीम के मनीष कुमार ने की तूफ़ानी बल्लेबाज़ी,आशीष कुमार को मिला मैंन ऑफ द सीरीज
@Banty Kumar
कुंदा (चतरा): प्रखंड के जेडी अमर खेल मैदान में रविवार को कुंदा प्रीमियर लीग(केपीएल)के तीसरे सीजन का फाइनल महामुकाबला खेला गया।फाईनल मैच साउंड ब्लास्टर किंग और स्वीट सिक्सर के बीच हुआ जिसमें साउंड ब्लास्टर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार पर कब्जा जमाया।मैच में स्वीट सिक्सर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 16 ओवर के मुकाबले में साउंड ब्लास्टर किंग की टीम ने 15.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 170 रन बनाए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्वीट सिक्सर की टीम 14.3 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस प्रकार साउंड ब्लास्टर ने फाइनल मुकाबला 53 रन से जीतकर टूर्नामेंट अपने नाम कर लिया।विजेता टीम के खिलाड़ी मनीष कुमार को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।मनीष कुमार ने 28 गेंदों में 62 रन की तूफानी पारी खेली वहीं 3 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट भी झटके।
पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले स्वीट सिक्सर के खिलाड़ी आशीष कुमार को ‘मैन ऑफ द सीरीज’का पुरस्कार दिया गया। आशीष कुमार ने टूर्नामेंट में 500 रन बनाए और 26 विकेट झटके जिसके लिए उन्हें 1000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया।
मैच के आयोजक एवं कुंदा पंचायत के मुखिया मनोज कुमार साहू ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल का मानव जीवन में विशेष महत्व है।खेल से शरीर चुस्त-दुरुस्त रहता है और मन-मस्तिष्क स्वस्थ रहता है।खेल जीवन में अनुशासन सिखाता है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आप लोगों में से ही कोई खिलाड़ी राज्य स्तर पर खेलकर बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।विजेता टीम साउंड ब्लास्टर के स्पॉन्सर पंकज कुमार वर्मा एवं कप्तान मंटू भोक्ता जबकि उपविजेता टीम स्वीट सिक्सर के स्पॉन्सर करण कुमार एवं कप्तान आशीष कुमार थे।मुखिया मनोज कुमार साहू के द्वारा विजेता टीम को 18,000 रुपये तथा उपविजेता टीम को 12,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।इस अवसर पर बौधाडीह मुखिया प्रतिनिधि विनोद साव,अशोक कुमार,प्रदीप साव,विनोद पासवान, अजय गुप्ता,चंदन कुमार,विशाल कुमार,पंकज,विजय साव,आदित्य यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



