
बाराबंकी । यूपी के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार की दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हुए हैं. सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसा उस वक्त हुआ जब खड़ी वैगन आर कार में तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि पहले वैगन आर में और फिर ब्रेजा कार में आग लग गई. हादसा सुबेहा थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस पर हुआ. पूर्वांचल एक्सप्रेस पर एक वैगन आर कार किनारे खड़ी थी. कार में कुछ लोग बैठे थे. कुछ बच्चे नीचे पानी पीने उतरे हुए थे. उसी वक्त लखनऊ की ओर जा रही एक ब्रेजा कार ने पीछे से वैगन आर कार को टक्कर मार दी. हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों गाड़ियों में आग लग गई. आसपास के लोगों ने दौड़कर किसी तरह कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है. सीएम योगी ने हादसे में जान गंवाने वालों के शोक संतप्त परिवार वालों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है. साथ ही अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं.


