
लातेहार । जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में भूषाढ़ नदी के पास सिलेंडर गैस से लदे एक वाहन (यूपी 25 एफटी 6839) का टायर पंचर होने के बाद चालक उमाशंकर सहाय (40) टायर की मरम्मत कराने के लिए उसे दुकान की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान टायर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास खड़े उमाशंकर सहाय गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। आसपास के लोगों ने आवाज सुनते ही दौड़कर देखा और तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस घायल चालक को अस्पताल ले जाने के लिए निकल पड़ी, लेकिन रास्ते में टोरी रेलवे फाटक बंद होने से एंबुलेंस करीब आधे घंटे तक फंसी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस देरी ने घायल चालक की स्थिति और अधिक गंभीर कर दी। फाटक खुलने के बाद एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और उमाशंकर सहाय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोगों का कहना है कि यदि एंबुलेंस समय पर पहुंच जाती, तो उनकी जान बच सकती थी। चालक उमाशंकर सहाय जल मंदिर, गोनावा, गोंदापुर, नवादा (बिहार) के रहने वाले थे और राजेश्वर प्रसाद के पुत्र थे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि उमाशंकर कई वर्षों से भारी वाहनों पर काम कर रहे थे और घटना के समय अकेले ही टायर बदलने की तैयारी कर रहे थे, तभी ये हादसा हो गया।


