
हुसैनाबाद । पलामू जिला अंतर्गत ऑपरेशन सतर्क के तहत जपला आरपीएफ पोस्ट की टीम ने बड़ी कार्रवाई की. आरपीएफ जपला पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष दल ने मोहम्मदगंज व जपला स्टेशन के बीच 53349 बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन में अपराध नियंत्रण व शराब तस्करी के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान साधारण डिब्बा संख्या 114332 में साइड सीट के नीचे प्लास्टिक की एक बोरी लावारिस अवस्था में संदिग्ध परिस्थिति में पाई गई.
आरपीएफ ने बोरी को कब्जे में लेकर ट्रेन के जपला रेलवे स्टेशन पहुँचने पर उसे नीचे उतरवाया. जांच के दौरान बोरे से 100 पीस छबीली देशी शराब की बोतलें बरामद हुईं, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4500 रुपये बतायी गयी है. आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु पूरे मामले को पलामू के उत्पाद अधीक्षक को अग्रसारित कर दिया है. इस अभियान में उप निरीक्षक जे.पी. प्रसाद, दिनेश प्रसाद, आरक्षी अजीत कुमार सहित अन्य जवान शामिल थे.


