
चैनपुर(पलामू): सुदामा ठाकुर हत्याकांड के तीसरे आरोपी को चैनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की कार्रवाई तेज है। दो आरोपियों ने पलामू कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। उन्हें रिमांड पर लेकर की गयी पूछताछ में तीसरा आरोपी समीर खान उर्फ साजिद पिता बेचू खान को धर दबोचा गया। बता दें कि 20 नवम्बर की रात पलामू के चैनपुर के तैयबानगर-पनेरीबांध में सुदामा ठाकुर की हत्या कर दी गयी थी। शव एक अर्द्धनिर्मित मकान के शौचालय टंकी से बरामद हुआ था। छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। पुलिस रिमांड पर लिए गए एवं गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश और पैसों के लेन देन में सुदामा ठाकुर की हत्या की गयी थी। हत्या से पहले साथ में बैठकर नशीले चीज का सेवन किया था। समझौता नहीं होने पर आवेश में आकर धारदार हथियार से सुदामा ठाकुर के सिर पर वार किया। गाड़ी के तार से गला घोट कर हत्या कर शव नन्हे अंसारी के अर्द्धनिर्मित मकान के शौचालय टंकी में फेंक कर फरार हो गए थे। समीर खान ने बताया कि घटना का मास्टरमाइंड शाहपुर का अफसर खान उर्फ सब्बू खान, पिता मनान खान है। दूसरा आरोपी पहाड़ी मुहल्ला का छोटे उर्फ मुशाहिद खान, पिता, जावेद खान है। तीनों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


