
लातेहार: प्रखंड के नेवाड़ी पंचायत में “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत “सेवा का अधिकार सप्ताह” के अंतर्गत आयोजित विशेष शिविर का आज उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिविर में उपलब्ध विभिन्न सरकारी सेवाओं, आवेदन काउंटरों एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया का जायज़ा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी, लातेहार मनोज कुमार तिवारी को निर्देश दिया कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के प्रदान किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक सीधे उनके द्वार पर पहुँचाना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रयासरत है ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।


