
हैदरनगर (पलामू): हैदरनगर बाजार स्थित श्री रामजानकी मंदिर प्रांगण में तीन दिवसीय श्री राम विवाह महोत्सव का समापन मंगलवार को भक्तिमय माहौल में हुआ। पंडित जयप्रकाश स्वामी जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस पारंपरिक उत्सव में क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। महोत्सव की शुरुआत पहले दिन हल्दी की रस्म और श्री राम कथा से हुई। वाराणसी से आए विद्वान कथावाचक ने श्री राम विवाह प्रसंग को रोचक और भक्तिभाव से सुनाया। आचार्यों ने विधिवत बेदी पूजन कर विवाह अनुष्ठान की शुरुआत की। सोमवार को नगर भ्रमण एवं बारात यात्रा निकाली गई। सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। ऊंट, घोड़े और डीजे से सजी भव्य बारात ने पूरे क्षेत्र का वातावरण राम भक्ति से भर दिया। लाउडस्पीकरों पर बजते भजनों से पूरा बाजार गूंजता रहा। इसी दिन रामाचार्य पूजन, पवित्रोत्सव, श्रृंगार व मंडप पूजन सम्पन्न हुआ। मुख्य अनुष्ठान मंगलवार को हुआ, जब वैदिक मंत्रोच्चार और संगीतमय प्रसंगों के बीच श्री राम और माता सीता का शुभ विवाह सम्पन्न हुआ। मंदिर परिसर रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया था। विवाहोत्सव की तैयारी में रविवार सुबह से ही मंगल गीत गूंजने लगे थे। इस वर्ष संतोष कुमार सिंह और धनंजय सिंह सपत्नीक मुख्य यजमान बने। वाराणसी से आई भजन मंडली ने सखी फुलवरिया में…, आज मिथिला नगरीय निहाल सखिया… और बाग में देख कर जब जनकनंदिनी… जैसे भजनों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। पंडित जयप्रकाश स्वामी ने बताया कि मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर विवाह महोत्सव आयोजित करने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर बार इसे बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। अयोध्या से आए आचार्य आशीष पाठक और वेद प्रकाश तिवारी ने सभी वैदिक विधियाँ संपन्न कराईं ।महोत्सव को सफल बनाने में सर्वेश्वराचार्य स्वामी, कृष्णा लाल अग्रवाल, दिलीप तिवारी, पिंटू सोनी, अर्चित अग्रवाल, डॉ. अजय जायसवाल, मोहन अग्रवाल सहित कई श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


