
श्रीराम मंदिर में तीन दिवसीय होगा संगीतमय श्रीराम कथा
हैदरनगर (पलामू) : श्रीराम मंदिर चौक बाजार, हैदरनगर के प्रांगण में पारंपरिक रुप में इस वर्ष भी रविवार से बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ श्री राम विवाह महोत्सव का आयोजन शुरु हो गया है। यह आयोजन परम पूज्य श्री त्रिदण्डी स्वामी जी महाराज के कृपापात्र स्वामी पं. जयप्रकाश तिवारी जी महाराज के तत्वावधान में शुरु किया गया है। मंदिर प्रबंध समिति और क्षेत्रीय भक्तों के सहयोग से तीन दिवसीय यह धार्मिक उत्सव 23 से 25 नवंबर तक धूमधाम से मनाया जायेगा। इस आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में सजावट, मंच निर्माण की भव्य व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर रविवार से संगीतमय श्री राम कथा, हल्दी पवित्रोत्सव के साथ इस कार्यक्रम को शुरु किया गया है। वहीं 24 नवंबर सोमवार को नगर भ्रमण एवं बारात यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। जबकि 25 नवंबर मंगलवार को शुभ विवाह श्रीराम और माता सीता का पावन विवाह संस्कार बड़े ही हर्षोल्लास और वैदिक रीति से संपन्न किया जायेगा। समस्त अनुष्ठान का नेतृत्व अयोध्या से पधारे आचार्य आशीष पाठक और पं. वेदप्रकाश पांडेय कर रहे हैं।इस वर्ष माता सीता पक्ष से राजेश सिंह – रेणु देवी एवं श्रीराम पक्ष से धनंजय सिंह – अंजू देवी इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम को प्रतिदिन दोपहर एक बजे से संध्या पांच बजे तक रखा गया है। जिसके उपरांत महाप्रसाद भंडारा का आयोजन होगा। स्वामी पं. जयप्रकाश तिवारी जी महाराज ने बताया कि यह महोत्सव न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज में प्रेम, मर्यादा और एकता का संदेश भी देता है। इस आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने समस्त हरिनगर क्षेत्रवासी, भक्तगण व श्रद्धालुओं से सपरिवार इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य के भागी बनने का आग्रह किया है। इससे श्रीराम विवाहोत्सव का कार्यक्रम भी सफल होगा।


