
पलामू: मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के गौसिया मदरसा के पास जमीन के विवाद में दो पक्षों में फायरिंग की घटना हुई है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और 09 गोली बरामद की हैं. घटना शुक्रवार की देर रात 10.30 बजे के करीब की है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अमजद खान, मोहित कुमार और तनवीर शाह को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि सोनू खान, अमजद खान और आरोपियों के बीच पहाड़ी मोहल्ला में जमीन को लेकर विवाद था. इसी विवाद में शुक्रवार की देर रात गोली चली थी. फायरिंग के बाद सभी फरार होने की कोशिश कर रहे थे और रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ कर भागने की फिराक में थे. इसी क्रम में पुलिस ने छापेमारी कर सभी को गिरफ्तार किया है. पुलिस की छापेमारी में टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार टीओपी 1 के प्रभारी इंद्रदेव पासवान, एएसआई संदीप कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे. गिरफ्तार आरोपी अमजद खान का आपराधिक इतिहास रहा है. पहले भी वह जेल जा चुका है और अभी जमानत पर बाहर था. जमीन के विवाद में शामिल दोनों पक्ष एक ही मोहल्ले के रहने वाले है. पुलिस के अनुसार घटना में शामिल सभी हथियार देसी हैं।


