हुसैनाबाद : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी पहल “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम का शुभारंभ 21 नवंबर 2025 से होने जा रहा है। हुसैनाबाद अनुमंडल में यह अभियान 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा। इस अवधि में अनुमंडल के सभी 42 पंचायतों तथा नगर पंचायत क्षेत्र के 13 वार्डों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। एसडीओ ओमप्रकाश गुप्ता ने कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर हुसैनाबाद, हैदरनगर एवं मोहम्मदगंज के बीडीओ तथा सीओ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का तात्कालिक समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, विभिन्न योजनाओं से अब तक वंचित पात्र लाभुकों को अभियान से जोड़ने पर विशेष बल दिया जाए। एसडीओ ने कहा कि यह कार्यक्रम आमजन को सीधा सरकारी सेवाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। इसलिए शिविर स्थल पर व्यवस्था सुव्यवस्थित हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी प्रखंड अधिकारियों को कार्यक्रम का वृहद प्रचार–प्रसार करने का निर्देश दिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविरों तक पहुँच सकें।शिविर की तिथि एवं स्थान की जानकारी सभी पंचायतों में समय पूर्व प्रदर्शित करने को कहा गया है। साथ ही, एसडीओ ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुँचने से पहले आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, बैंक पासबुक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएँ, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।उपायुक्त द्वारा कार्यक्रम की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।हुसैनाबाद प्रखंड के लिए एसडीओ ओमप्रकाश गुप्ता, हैदरनगर प्रखंड के लिए भूमि उपसमाहर्ता गौरांग महतो और मोहम्मदगंज प्रखंड के लिए जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी मुकेश कुमार गंगराई को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। सभी नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन शिविर स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।एसडीओ ने हुसैनाबाद, हैदरनगर और मोहम्मदगंज के सभी ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी पंचायत शिविर में पहुँचकर मंईया योजना सहित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *